Skip to content

26/11...
जब दहल गई मुंबई!

26 नवंबर 2008... समंदर के रास्ते कराची से आए लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकियों ने मुंबई को तीन दिन तक बंधक बनाकर रखा. लगभग 60 घंटे तक चले इस खून-खराबे में 166 लोगों की जान चली गई.

  • 166मौतें

    14 देशों के 26 विदेशी नागरिकों समेत 166 मौतें.

  • 304घायल

    आतंकी हमले-गोलीबारी में 304 लोग घायल.

  • 60घंटे

    26 नवंबर रात 9:21 से 29 नवंबर सुबह 8:20 बजे तक 60 घंटे खून-खराबा.

  • 10आतंकी

    9 आतंकी ढेर. अजमल कसाब जिंदा पकड़ा गया.

डेविड हेडली की रेकी से लेकर 'MV कुबेर' के अपहरण तक की साजिश

26/11 का हमला अचानक नहीं हुआ था. इसके पीछे पाकिस्तान में बैठे लश्कर-ए-तैयबा के कमांडरों और खुफिया हैंडलरों की 2 साल से ज्यादा लंबी साजिश, जीपीएस मैपिंग, कमांडो ट्रेनिंग और समुद्री घुसपैठ का पूरा ब्लूप्रिंट था.

  • 2006 से 2008

    आतंकी डेविड हेडली ने 5 बार मुंबई की रेकी की. समुद्री रास्ते और लैंडिंग प्वाइंट की पहचान की.

  • 22 नवंबर 2008

    जकी-उर-रहमान लखवी और साजिद मीर ने 10 आतंकियों को हथियारों के साथ 'अल-हुसैनी' जहाज से रवाना किया.

  • 23 नवंबर 2008

    आतंकियों ने भारतीय मछुआरों की नाव 'MV कुबेर' को हाईजैक किया. 5 में से 4 मछुआरों की हत्या कर दी.

  • 26 नवंबर 2008

    मुंबई तट से 7KM पहले 5वें मछुआरे की हत्या की. तीन अलग-अलग रबर बोट से आतंकी मुंबई पहुंचे.

26 नवंबर 2008 की वो 'काली रात'

Minimal concrete interior with soft light
कराची से आए लश्कर के 10 आतंकी 26 नवंबर 2008 की रात 8 से 8:30 बजे के बीच मुंबई के कोलाबा इलाके में 'बुधवार पार्क' के पास पहुंचे.

यहां से आतंकवादी चार गुटों में बंटे. उनके चार टारगेट थे- (1) छत्रपति शिवाजी टर्मिनस, (2) लियोपोल्ड कैफे और ताज होटल, (3) ओबेरॉय-ट्राइडेंट होटल, और (4) नरीमन हाउस.

इन हमलों के दौरान आतंकियों ने 13 जगहों पर अंधाधुंध गोलीबारी की. ग्रेनेड फेंके. बम धमाके किए.

आतंकवादियों का पहला गुट छत्रपति शिवाजी टर्मिनस (CST) रेलवे स्टेशन में रात 9:21 बजे दाखिल होता है. मोहम्मद अजमल कसाब और इस्माइल खान भीड़ पर अंधाधुंध गोलियां बरसाते हैं. यहीं पर वह तस्वीर ली गई थी, जिसमें कसाब असॉल्ट राइफल और बैकपैकर्स के साथ दिखता है.

दोनों आतंकी लगभग 90 मिनट तक गोलीबारी करते हैं. इसमें 58 लोग मारे जाते हैं.

मौत का नंगा नाच अभी जारी था

A journey from summit to sky

26 नवंबर की रात लगभग 9:20 बजे आतंकियों ने नरीमन हाउस बिजनेस और यहूदियों के 'चबाड हाउस' के पास एक गैस स्टेशन को उड़ा दिया. यहां आतंकियों ने 7 इजरायली नागरिकों को बंधक बना लिया और बाद में उनकी हत्या कर दी.

थोड़ी ही देर बाद लियोपोल्ड कैफे पर हमला होता है. 4 आतंकी कैफे में घुसकर गोलियां चलाना शुरू कर देते हैं. 10 से 15 मिनट की गोलीबारी में 10 लोग मारे जाते हैं.

आतंकवादी दो टैक्सियों में बम भी लगा देते हैं, जिससे 5 लोगों की मौत हो जाती है. इसके बाद आतंकवादी ताज होटल की ओर बढ़ जाते हैं.

लियोपोल्ड कैफे पर हमला करने वाले दो आतंकवादी- शोएब और उमर ताज होटल में घुस जाते हैं. दोनों गोलीबारी करते हैं. कुछ देर बाद दो और आतंकी- अब्दुल रहमान बड़ा और अबू अली भी आ जाते हैं. नेवी के मरीन कमांडो (मार्कोस) की एक छोटी टीम होटल में घुसती है और आतंकवादियों से मुकाबला करती है.

आखिरी जगह, ओबेरॉय-ट्राइडेंट होटल पर हमला होता है. दो आतंकवादी- अब्दुल रहमान छोटा और फहदुल्लाह उर्फ अबू फहद रेस्टोरेंट के रास्ते होटल में घुसते हैं और तुरंत भीड़ पर गोलियां चलाना शुरू कर देते हैं.

आतंकियों के 4 बड़े टारगेट

  1. Placeholder: city architecture
    01छत्रपति शिवाजी टर्मिनस
    अजमल आमिर कसाब और अबू इस्माइल खान
    शामिल आतंकी
    58
    मौतें
  2. Placeholder: towers against the sky
    02चबाड हाउस / नरीमन हाउस
    बाबर इमरान उर्फ अबू अकाशा और नासिर उर्फ अबू उमर
    शामिल आतंकी
    7
    मौतें
  3. Placeholder: textured stone walls
    03ताज होटल
    अब्दुल रहमान बड़ा, अबू अली, शोएब और अबू उमर
    शामिल आतंकी
    31
    मौतें
  4. Placeholder: calm lake
    04ओबेरॉय-ट्राइडेंट होटल
    अब्दुल रहमान छोटा और फहदुल्लाह उर्फ अबू फहद
    शामिल आतंकी
    30
    मौतें
Minimal concrete interior with soft light

जिंदा पकड़ा गया कसाब

CST में भारी तबाही मचाने के बाद, दोनों आतंकवादी स्टेशन के सामने वाली एक गली से भाग निकले.

इसी बीच, जैसे ही CST और कामा अस्पताल के पास गोलीबारी की खबर मिली, पुलिस वहां पहुंची. यहां आतंकवादियों और पुलिस के बीच गोलीबारी हुई. इसमें तीन जवान शहीद हो गए.

शहीद होने वाले जवानों में मुंबई एटीएस चीफ हेमंत करकरे, एसीपी अशोक काम्टे और इंस्पेक्टर विजय सालस्कर थे.

तीन पुलिस जवानों की शहादत के बाद कसाब और इस्माइल खान ने एक सिल्वर स्कोडा कार हाईजैक की और मरीन ड्राइव होते हुए मालाबार हिल की ओर भागे.

वायरलेस अलर्ट मिलते ही डी.बी. मार्ग पुलिस स्टेशन के 15-16 पुलिसकर्मियों ने गिरगांव चौपाटी पर बैरिकेड लगाकर नाकाबंदी कर दी.

पुलिस को देखकर इस्माइल ने यू-टर्न लेने की कोशिश की और कार डिवाइडर से टकराकर रुक गई. पुलिस की जवाबी फायरिंग में ड्राइवर सीट पर बैठा इस्माइल मारा गया, जबकि घायल कसाब कार का दरवाजा खोलकर मरने का नाटक करते हुए बाहर गिरा.

निहत्थे एएसआई तुकाराम ओंबले केवल एक लाठी लेकर कसाब को दबोचने बढ़े. कसाब ने अचानक उठकर उन पर AK-47 की 5 गोलियां दागीं.

सीने और पेट में गोलियां लगने के बावजूद तुकाराम ओंबले ने अपनी आखिरी सांस तक कसाब की राइफल की नली कसकर पकड़े रखी, जिससे बाकी पुलिसकर्मियों ने कसाब को जिंदा दबोच लिया. यह सब 26 नवंबर की रात 10:30 से 11 बजे के बीच हुआ.

और फिर चला वो ऑपरेशन

Sweeping modern architecture against a clear sky
11 दिसंबर 2008 को केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदंबरम ने इस पूरे ऑपरेशन के बारे में संसद को जानकारी दी. चिदंबरम हमले के समय गृहमंत्री रहे शिवराज पाटिल के 30 नवंबर को इस्तीफे के बाद नए गृहमंत्री बनाए गए थे.

उन्होंने बताया कि 26 नवंबर की रात 11 बजे से कुछ समय पहले ही केंद्र सरकार को सूचना मिली कि मुंबई में कई जगहों पर गोलीबारी हो रही है. तुरंत महाराष्ट्र सरकार से बात की गई. महाराष्ट्र सरकार के अनुरोध पर सेना और नौसेना से मदद मांगी गई.
Sweeping modern architecture against a clear sky
इसके बाद सेना ने हमले वाले इलाकों की तुरंत घेराबंदी के लिए 5 कंपनियां तैनात कीं. नौसेना ने अपने कमांडो तैनात किए.
Sweeping modern architecture against a clear sky
उसी रात करीब 11:30 बजे महाराष्ट्र सरकार ने नेशनल सिक्योरिटी गार्ड्स (NSG) की मांग की. हरियाणा के मानेसर से तुरंत 200 NSG कमांडो की एक टीम उसी रात मुंबई पहुंची.

A journey from summit to sky

27 नवंबर 2008 के तड़के, NSG कमांडो को ऑपरेशन वाली अलग-अलग जगहों पर तैनात किया गया.

यह ऑपरेशन बहुत ही कठिन हालात में चलाया गया. आतंकवादियों के पास भारी मात्रा में हथियार थे. उन्होंने लोगों को बंधक बना रखा था.

और जिन ऊंची इमारतों में आतंकी घुसे थे, वहां से उन्हें सुरक्षा और ऊंचाई का फायदा मिल रहा था.

इसके बावजूद, सुरक्षा बलों ने अपनी बहादुरी के दम पर आतंकवादियों को मार गिराया और इमारतों में फंसे सैकड़ों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला.

यह ऑपरेशन 29 नवंबर 2008 को सुबह करीब 8:20 बजे खत्म हुआ.

याद रहेंगी कुर्बानियां...

4 साल बाद आखिरी आतंकी को भी फांसी

Minimal concrete interior with soft light
26 नवंबर 2008 की रात को ही अजमल कसाब को जिंदा पकड़ लिया गया था. पूछताछ में पता चल गया कि वह पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के फरीदकोट गांव का रहने वाला है.

30 नवंबर 2008 को कसाब ने पुलिस के सामने अपना गुनाह कबूल किया. 16 जनवरी 2009 को इसका मुकदमा शुरू हुआ. 21 फरवरी 2009 को कसाब ने कोर्ट के सामने भी अपना गुनाह कबूल किया.

डेढ़ साल तक चले मुकदमे के बाद स्पेशल कोर्ट ने 6 मई 2010 को कसाब को फांसी की सजा सुनाई.

इसके बाद मामला बॉम्बे हाई कोर्ट पहुंचा. 13 दिसंबर 2010 को कसाब ने हाई कोर्ट में खुद को नाबालिग बताया. लेकिन हाई कोर्ट ने उसकी सारी दलीलों को खारिज कर दिया. 21 फरवरी 2011 को हाई कोर्ट ने भी मौत की सजा पर मुहर लगाई.

बाद में कसाब ने सुप्रीम कोर्ट में अपील की. 28 अगस्त 2012 को सुप्रीम कोर्ट ने भी उसकी फांसी की सजा को बरकरार रखा.

उसके बाद उसने राष्ट्रपति के सामने दया याचिका भी दाखिल की. 5 नवंबर 2012 को उसकी दया याचिका खारिज कर दी गई.

8 नवंबर 2012 को महाराष्ट्र सरकार ने 21 नवंबर को कसाब को फांसी देने का फैसला किया.

और आखिरकार 21 नवंबर 2012 को पुणे की येरवडा जेल में सुबह 7:30 बजे फांसी दे दी गई. फांसी के बाद कसाब को जेल में ही दफना दिया गया.

26/11 एक ऐसा दिन था, जिसने मुंबई को दहला दिया था. एक ऐसा दिन था, जिसने पाकिस्तान की आतंकी साजिश को दुनिया के सामने बेनकाब कर दिया था.

10 आतंकियों ने बड़ी ही बर्बरता से गोलीबारी की और 166 लोगों की जान ले ली. लेकिन इसके बावजूद कसाब पर भारतीय कानून के तहत निष्पक्ष मुकदमा चलाया गया. उसे सारे कानूनी विकल्प इस्तेमाल करने का मौका मिला. और आखिर में उसे भारतीय कानून के तहत ही फांसी भी दी गई.

आज मुंबई हमलों को 18 साल पूरे हो रहे हैं. लेकिन मुंबई हमलों के जख्म आज भी ताजा हैं. हर साल 26/11 की तारीख आती है तो आंखों के सामने वही मंजर, वही खूनी खेल और वही चीख-पुकार आ जाती है और फिर याद आते हैं भारत के वो जांबाज जवान जिन्होंने सर्वोच्च बलिदान देकर इस हमले के गुनहगारों को उनके अंजाम तक पहुंचाया और अपनी मातृभूमि को आतंक के इस साये से मुक्त कराया.

Credits

Developed by
Priyank Dwivedi
Photos
AFP